रेवाड़ी। किसानों को हाईटेक तरीके से सब्जी उगाने और बागवानी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उद्यान विभाग की ओर से 9वां दो दिवसीय सब्जी एक्सपो 23 व 24 फरवरी को करनाल के घरौंडा स्थित सब्जी उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित किया जाएगा।
डीसी अशोक कुमार गर्ग ने जिले के किसानों से सब्जी एक्सपो का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सब्जी एक्सपो में भाग लेने के लिए किसान मौके पर ही पंजीकरण करवा सकते हैं। एक्सपो में किसानों को तकनीकी सत्र, प्रदर्शनी एवं केंद्र भ्रमण के साथ-साथ उन्नत किस्म के बीजों, कृषि यंत्र व बागवानी से जुड़ी प्रदर्शनी के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। प्रगतिशील किसान सब्जी बीजों, कृषि यंत्र की प्रदर्शनी भी लगाएंगे। एक्सपो के मुख्य अतिथि कृषि व किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल होंगे।
सर्वश्रेष्ठ सब्जी उत्पादक किसान होंगे पुरस्कृत
डीसी अशोक कुमार गर्ग ने बताया कि सब्जी एक्सपो में सर्वश्रेष्ठ सब्जी उत्पादक किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए सर्वश्रेष्ठ सब्जी उत्पादक किसान अपना आवेदन 17 फरवरी तक जिला बागवानी अधिकारी के कार्यालय में भिजवा सकते हैं। सब्जी एक्सपो में शामिल होने वाले किसानों को उद्यान विभाग की ओर से आधुनिक तरीके से बागवानी करने बारे जागरूक किया जाएगा।