बावल। एक वर्ष से जर्जर रेवाड़ी–कोटकासिम मार्ग की गिट्टियां उखड़ गई हैं। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोड के किनारे स्थित दुकानदार भी धूल के चलते परेशान हैंं।
मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। भारी वाहनों के गुजरते ही धूल के गुबार उठते हैं, जिससे आसपास की दुकानों में बैठना तक मुश्किल हो जाता है। धूल के कारण सामान खराब हो रहा है और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
धूल उड़ने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लगातार उड़ती धूल से आंखों में जलन और खांसी-जुकाम जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनका अंदाजा नहीं लग पाता और वाहन चालक अचानक संतुलन खो बैठते हैं। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरनाक बन गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बाइक सवार गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं। हालांकि अभी तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
-
मार्ग पर जाम लगना भी आम बात हो गई है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाते हैं या दिशा बदलते हैं, जिससे ट्रैफिक बाधित होता है। सुबह और शाम के समय स्थिति और अधिक विकट हो जाती है।-धर्म सिंह, कसौली
रोज इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। गड्ढों से वाहन को नुकसान हो रहा है और जाम की समस्या अलग है। सड़क की हालत सुधरे तो समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। अभी हालत बेहद खराब है।-प्रवीण कुमार, कान्हावास
-
प्रशासन से अपील की है कि किसी बड़े हादसे से पहले मार्ग की मरम्मत करवाई जाए। यह मार्ग न केवल शहर को कोटकासिम से जोड़ता है, बल्कि रोजाना हजारों वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में इसकी अनदेखी गंभीर परिणाम ला सकती है।-मिशरी लाल, बखापुर
-
सड़क की हालत इतनी खराब है कि दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया है। दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे ग्राहकों की संख्या भी कम हो गई है। प्रशासन को जल्द मरम्मत करानी चाहिए।-प्रताप सिंह, बगथला