संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने नि:शुल्क आधार कार्ड अपडेशन की तिथि बढ़ाकर 14 दिसंबर कर दी है। डीसी राहुल हुड्डा ने आमजन से अपने आठ से दस साल पहले बने आधार कार्ड को 14 दिसंबर तक यूआईडीएआई के पोर्टल पर निशुल्क अपडेट कराने की अपील की है।
बताया कि आधार कार्ड को ऑनलाइन अपडेट कराने के लिए आधार कार्ड धारक को किसी प्रकार के शुल्क नहीं देना होगा। जिन व्यक्तियों ने पिछले आठ या दस सालों में आधार कार्ड को अपडेट नहीं कराया है, ऐसे व्यक्ति को अपना आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए रिहायशी प्रमाण पत्र और स्वयं का पहचान पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। आधार कार्ड धारक माई आधार पोर्टल से आधार ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। वहीं माई आधार एप में जहां पहचान पत्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार्य दस्तावेजों की सूची भी है और पते का प्रमाण भी उपलब्ध है। उन्होंने जिलावासियों से इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठाते हुए आधार कार्ड अपडेट कराने का आह्वान किया है, साथ ही ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अपने मोबाइल नंबर को आधार में अपडेट रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को आठ से दस साल पहले बने आधार अपडेट कराना जरूरी है।