रेवाड़ी-नारनौल हाइवे स्थित पाली बस स्टैंड के पास रेलवे अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर पिछले 53 दिनों से धरने पर बैठे संघर्ष समिति व ग्रामीणों ने आंदोलन को तेज करने का फैसला लिया। अब धरनास्थल पर 16 मार्च से 24 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल पर ग्रामीण बैठेंगे और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
अध्यक्षता करते हुए समिति के प्रधान औमप्रकाश यादव ने कहा कि मंत्री व बावल के विधायक डॉ. बनवारी लाल द्वारा कहा गया है कि अंडरपास की कार्यवाही जारी है। लेकिन जब तक धरातल पर कार्य नहीं होगा, उन्हें तसल्ली नहीं मिलेगी। अंडरपास के लिए भेजे गए बजट व निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि क्रमिक भूख हड़ताल की घोषणा कर दी गई है। 16 मार्च को पहले दिन औमप्रकाश यादव, हरफूल सिंह, विरेन्द्र सिंह, बिल्लू मास्टर व राजाराम आदि 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। आज धरने को महाबीर सिंह बोहरा ढाणी सोभा, मूलचंद आर्य प्राणपुरा, नंबरदार धर्मबीर गोविंदपुरी, सत्यनारायण नंबरदार ने समर्थन दिया। इस मौके पर नरेश, रमेश, रोहताश, वेदप्रकाश, गणेशी लाल, महेन्द्र सिंह, लाल सिंह, श्योप्रसाद, बिशंबर, रामपाल, निहाल, विजय कुमार, रामकला, सावित्री, प्रेमलता, असरफी, संतोष, बिमला व कमलेश आदि मौजूद थे।