रेवाड़ी। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों के पास यूडीआईडी कार्ड होना जरूरी है। यूडीआईडी कार्ड भविष्य में सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए दिव्यांगजनों की पहचान, सत्यापन का एकल दस्तावेज होगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि जिले के सभी दिव्यांगजन पेंशन लाभ पात्रों से अपील की है कि सभी लाभपात्र अपना यूडीआईडी कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। कार्ड बनने के बाद दिव्यांगजनों को दस्तावेजों को ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह कार्ड सभी आवश्यक विवरणों को कैप्चर करेगा, जिससे डिकोड किया जा सकता है।
यूडीआईडी कार्ड कार्यान्वयन के पदानुक्रम के सभी स्तरों ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर लाभार्थी की भौतिक और वित्तीय प्रगति की ट्रैकिंग को सुव्यवस्थित करने में भी मदद करेगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू बाला ने बताया कि जिले में इस समय यूडीआईडी के 1188 आवेदन लंबित है। सभी अपना यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए प्रत्येक माह के हर बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रेवाडी में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय अपने मैडिकल सम्बंधित कागजात, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आयुु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड साथ लेकर आएं।