संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी के गांव बटोड़ी और बावल क्षेत्र के गांव कसौला में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया।
ड्यूटी से लौट रहे युवक की बाइक गांव बटोड़ी के पास दूसरी बाइक से टकरा गई। इसमें घायल युवक को सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान गांव बास बटोड़ी निवासी रोहित के रूप में हुई है। गांव बास बटोड़ी निवासी नवीन ने बताया कि उसके गांव निवासी रोहित और अजय उसके साथ बावल स्थित एक कंपनी में नौकरी करते हैं। धुलेंडी के दिन वे शाम को वह अपने दोस्त रोहित के साथ बाइक पर सवार होकर गांव बास बटोड़ी लौट रहा था। जब वह रिलायंस ऑयल डिपो के पास फ्लाईओवर के नजदीक पहुंचे तो पीछे से उनके गांव का अजय बाइक लेकर आया। अजय ने उनकी बाइक को साइड मार दी जिससे उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। इसमें रोहित को गंभीर चोटें आईं। सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान रोहित की मौत हो गई। रामपुरा थाने के जांच अधिकारी एसआई महेंद्र ने बताया कि बाइक की साइड लगने के कारण बाइक सवार दो युवक चोटिल हुए थे। इसमें से एक की मौत हो गई। बास बटोड़ी गांव निवासी अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं बावल के गांव कसौला के पास कैंटर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तरप्रदेश के करोदिया गांव निवासी हरेराम के रूप में हुई है। उत्तरप्रदेश के करोदिया गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि उसके गांव का हरेराम उसके साथ बावल की निजी कंपनी में जॉब करता था। उसका दोस्त मोती की ढाणी में किराए पर रहता था, जबकि वह कसौला में सरपंच के मकान पर रहता है।
धुलेंडी के दिन जब वे मोती की ढाणी से कसौला आ रहे थे, तो जयगुरुदेव आश्रम के बाहर कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में वे दोनों जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ईआरवी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को बावल के सरकारी अस्पताल भिजवाया। जहां पर हरेराम को बावल के सरकारी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। कसौला थाना के जांच अधिकारी एसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि हाईवे पर कैंटर की चपेट में आने से उत्तरप्रदेश के युवक की मौत हुई है। उसके साथी की शिकायत पर अज्ञात कैंटर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित कैंटर ड्राइवर को तलाश किया जा रहा है।