रेवाड़ी। घटना का सामने आया सीसीटीवी फुटेज। स्त्रोत : वीडियो ग्रैप
बावल। कस्बे में दो शातिर महिलाओं ने एक दुकान पर खरीदारी कर रहे शख्स का ब्लेड से बैग काटकर 50 हजार रुपये कैश चुरा लिए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दोनों महिलाएं बैग काटती हुई दिख रही हैं। बावल थाना पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेने के बाद आरोपी महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।
गांव नैहचाना निवासी महाबीर सिंह और उनकी पत्नी राजबाल दोनों सोमवार को बावल स्थित बैंक से पैसे निकालने पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने अकाउंट से 1.50 लाख रुपये निकलवाए और फिर शहर में ही स्थित किरयाना स्टोर पर घर का सामान खरीदने पहुंच गए। महाबीर ने 500-500 की तीन गडि्डयां बैग में रखी हुई थी। दुकान पर काफी अन्य ग्राहक सामान खरीद रहे थे। तभी दो शातिर महिलाएं महाबीर के पास पहुंची और अचानक उनके बैग को काटकर 50 हजार रुपए चुरा लिए।
महाबीर ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं चला कि उनका बैग काटा जा चुका है। दुकान पर मौजूद एक ग्राहक ने उन्हें बताया कि अंकल आपके बैग से पैसे गिरने वाले हैं। उन्होंने बैग को संभाला तो वह कटा हुआ था और उसमें रखी 500 के नोट की एक गड्डी गायब थी। इसके बाद महाबीर ने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें महाबीर के साथ खड़ी दो महिलाएं उसके बैग को काटकर पैसे चुराते हुए दिखाई दी। महाबीर ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची बावल थाना पुलिस ने महाबीर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही फुटेज के आधार पर चोरी करने वाली दोनों महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।