दिल्ली रोड स्थित शोरूम के बाहर बिक्री के लिए सजाकर खड़े किए गए दोपहिया वाहन।संवाद
रेवाड़ी। नवरात्र में दोपहिया वाहनों की बिक्री में तेजी आई है। पिछले साल की तुलना में इस बार नवरात्र के दौरान दोपहिया वाहनों की बिक्री में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वाहन शोरूम संचालकों के अनुसार, इन दिनों जिले में रोजाना 500 से अधिक दोपहिया वाहन बिक रहे हैं। कई लोगों ने शुभ मुहूर्त में वाहन घर ले जाने के लिए पहले से ही बुकिंग करा रखी है।
वाहन विक्रेताओं के मुताबिक, नवरात्र शुरू होने से पहले ही नई गाड़ियों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई थी। अब इन वाहनों की डिलीवरी भी की जा रही है। खासकर अष्टमी, नवमी और दशमी के दिन वाहन लेने के लिए ग्राहक बुकिंग करा रहे हैं।
इसके चलते शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। नवरात्र के दौरान इलेक्ट्रिक और पेट्रोल, दोनों श्रेणियों के दोपहिया वाहनों की खरीदारी हो रही है। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार वाहन पसंद कर रहे हैं।
शोरूम संचालकों का कहना है कि त्योहार के दौरान वाहन खरीदने को शुभ माना जाता है। इसी वजह से कई ग्राहक डिलीवरी के लिए नवरात्र की विशेष तिथियां चुन रहे हैं। पहले से बुक किए गए वाहनों के साथ नई बुकिंग होने से कारोबार में तेजी बनी हुई है।
नवमी-दशमी पर डिलीवरी के लिए तैयारियां तेज
इस बार इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी तेजी देखने को मिली है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से बचने और पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते ग्राहक इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। दोपहिया वाहन के शोरूम के महाप्रबंधक अमित ने बताया कि नवरात्र के दौरान सुबह से ही ग्राहक आने शुरू हो जाते हैं। कुछ ग्राहक दिवाली और धनतेरस के लिए दोपहिया वाहन की बुकिंग करा रहे हैं। एक अन्य शोरूम के संचालक विनीत यादव ने बताया कि ग्राहकों की मांग को देखते हुए शोरूम में मोटरसाइकिलें तैयार रखी गई हैं। नवमी और दशमी पर डिलीवरी में देरी न हो, इसके लिए बाइकों में एक्सेसरीज लगाने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधि शोरूम में ही मौजूद रहते हैं, जो ग्राहकों के ईएमआई संबंधी दस्तावेज मौके पर ही तैयार कर देते हैं। इससे वाहन खरीदने की प्रक्रिया आसान हो जाती है।