फोटो: 20रेवाड़ी। भगवानपुर में 200 बेड के अस्पताल की मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे ग्रामी
रेवाड़ी। गांव भगवानपुर में 200 बेड के नागरिक अस्पताल बनाने की मांग को लेकर चल रहा धरना मंगलवार को और उग्र हो गया। धरना स्थल पर महिपाल सिंह और भागमल ने अनशन शुरू किया।
बड़ी संख्या में रामगढ़, भगवानपुर और आसपास के गांवों के ग्रामीण धरने में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राव रोशन लाल ने की।
अस्पताल बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक और सरपंच प्रतिनिधि अनिल कुमार ने कहा कि जब तक हरियाणा सरकार और प्रशासन अपने वादे को पूरा नहीं करते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि एनएच-71 के पास भगवानपुर की जमीन पर 200 बेड का अस्पताल बनाने का वादा सरकार ने पहले किया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मजबूरी में ग्रामीणों को क्रमिक अनशन शुरू करना पड़ा है।
अनिल कुमार ने बताया कि अब आंदोलन को और मजबूत करने और क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन जुटाने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है।
धरने में महिलाओं ने लोकगीत गाकर सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई और आंदोलन को समर्थन दिया। धरने को कई वक्ताओं ने संबोधित किया और अस्पताल निर्माण की मांग को न्यायोचित ठहराते हुए जल्द कार्रवाई की अपील की।