रेवाड़ी के धारूहेड़ा स्थित रॉयल गेस्ट हाउस के एक कमरे में दो लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने खिड़की तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया और दोनों शव बरामद किए। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। शवों की पहचान कदारू किशन और चेन्नी सिम्हा के रूप में हुई है। दोनों आंध्र प्रदेश के बिच पल्ली के निवासी थे। वे हैदराबाद स्थित एक्सेल रबर कंपनी में कार्यरत थे और 22 दिसंबर को भिवाड़ी (राजस्थान) स्थित कंपनी में विजिट पर आए थे।
पुलिस और एफएसएल टीम की कार्रवाई
सूचना मिलने पर सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। कमरे से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों और हैदराबाद स्थित एक्सेल रबर कंपनी के अधिकारियों से संपर्क साधा है।