रेवाड़ी। माजरा स्थित एम्स में मेस और कैफेटेरिया सेवाओं के संचालन के लिए जारी टेंडर प्रक्रिया में अब केवल दो फर्में रह गई हैं। टेंडर के लिए कुल आठ फर्मों ने आवेदन किया था लेकिन तकनीकी जांच पूरी होने के बाद छह फर्में प्रक्रिया से बाहर हो गईं। इनमें तीन फर्मों की बोलियां निर्धारित समय के बाद पहुंचने के कारण खारिज हुईं जबकि तीन फर्में टेंडर में निर्धारित नियम एवं शर्तों को पूरा नहीं कर सकीं। अब तकनीकी रूप से योग्य पाई गई एम/एस सुशील कुमार कॉन्ट्रैक्टर और एम/एस जीडी एसोसिएट्स के बीच वित्तीय बोली के आधार पर आगे की प्रक्रिया होगी।
टेंडर प्रक्रिया में सबसे पहले तीन फर्में समय सीमा के कारण बाहर हुईं। एम/एस पीके राणा सर्विसेज, एम/एस सांगवान सर्विसेज और एम/एस योर बाजार डॉट कॉम की बोलियां दोपहर तीन बजे की निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त हुई थीं। टेंडर की शर्तों के अनुसार निर्धारित समय के बाद प्राप्त बोली स्वीकार नहीं की गई। इसलिए इन तीनों फर्मों के आवेदन आगे की तकनीकी जांच के लिए नहीं लिए गए।
इसके बाद बची पांच फर्मों के दस्तावेजों की जांच की गई। टेंडर इवैल्यूएशन कमेटी ने संबंधित दस्तावेजों और टेंडर में तय नियम एवं शर्तों के आधार पर तकनीकी मूल्यांकन किया। जांच में एम/एस द रेवाड़ी स्ट्रीट फूड, एम/एस आयुष फूड एंड मैनेजमेंट सर्विसेज और एम/एस कुलविंदर फूड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड निर्धारित शर्तों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके चलते इन तीनों फर्मों को भी तकनीकी रूप से अयोग्य घोषित कर दिया गया। एम्स प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना जारी कर तकनीकी बोली के मूल्यांकन की जानकारी दी।
50 विद्यार्थियों से शुरू होगी मेस सेवा
मेस की शुरुआती क्षमता करीब 50 विद्यार्थियों की रखी गई है, हालांकि वास्तविक सदस्य संख्या घट-बढ़ सकती है। इसके लिए करीब 56.10 वर्ग मीटर जगह नाइट शेल्टर भवन में निर्धारित की गई है। अनुबंध की अवधि एक वर्ष होगी, जिसे संतोषजनक कार्य के आधार पर एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है।
मेस में विद्यार्थियों को नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम के नाश्ते और रात का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। निर्धारित समय के अनुसार नाश्ता सुबह 6:30 से 9 बजे, दोपहर का भोजन दोपहर 1 से 2 बजे, शाम का नाश्ता 5:30 से 6:30 बजे और रात का भोजन रात 8 से 9:30 बजे तक होगा।
कैफेटेरिया में 39 आइटम, 10 से 110 रुपये तक कीमत
हॉस्टल मेस के कैफेटेरिया में विद्यार्थियों को मांग के अनुसार 39 खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे। इनके लिए अधिकतम दरें निर्धारित की गई हैं। इनमें वेज चाउमिन 40 रुपये, पनीर चाउमिन 55 रुपये, 2 अंडे की चाउमिन 60 रुपये और एग-चिकन चाउमिन 70 रुपये निर्धारित है। चिली चिकन 70 रुपये, चिकन पकौड़ा 60 रुपये और पनीर पकौड़ा 50 रुपये में मिलेगा।
रोल में वेज 40, पनीर 50, मशरूम 50, 2 एग 50 और 2 एग-चिकन 60 रुपये तय किए गए हैं। वेज पैटीज 30, चिकन पैटीज 40, चिकन बर्गर 110 और वेज बर्गर 80 रुपये अधिकतम कीमत होगी। इसके अलावा प्याज/वेज पकौड़ा 30, समोसा/आलू बोंडा 10, मिठाई 10 और दही बड़ा 30 रुपये में मिलेगा।
इंस्टेंट नूडल्स 30, वेज सैंडविच 40, पनीर सैंडविच 55, चिकन सैंडविच 70 और आलू टिक्की बर्गर 40 रुपये निर्धारित हैं। फ्रेंच फ्राइज 40, मसाला फ्राइज 50, वेज मोमोज 50, चिकन मोमोज 70 और पनीर मोमोज 60 रुपये में मिलेंगे।
पाव भाजी 50, छोले-भटूरे 60, आलू पराठा-दही 50, वेज पास्ता 50 और व्हाइट सॉस पास्ता 70 रुपये अधिकतम दर है। पेय पदार्थों में चाय 10, कॉफी 20, कोल्ड कॉफी 40 और फ्रेश लेमन वाटर 20 रुपये में मिलेगा।
वर्जन
एम्स माजरा में ओपीडी नवंबर तक शुरू होने की उम्मीद है, जबकि एमबीबीएस की 50 सीटों पर इसी सत्र से दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। एम्स निदेशक डॉ. डीएन शर्मा से बातचीत हुई है। कार्य काफी तेज गति से चल रहा है। अन्य जरूरी टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं।
आरती सिंह राव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री