रेवाड़ी। चौकी गढ़ी बोलनी पुलिस ने एनएच-48 पर गांव साल्हावास के निकट एक होटल में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पातुहेड़ा निवासी सत्यनारायण व नरेंद्र के रूप में हुई है।
24 जनवरी को जिला फरीदाबाद के शिव दुर्गा विहार लक्कड़पुर निवासी धर्मेंद्र ने शिकायत में बताया था कि वह एनएच-48 पर गांव साल्हावास के निकट एक होटल में मैनेजर की नौकरी करता है। 23 जनवरी की रात एक गाड़ी में तीन युवक उनके होटल में खाना खाने के लिए आए थे। तीनों युवक नशे में थे और खाना खाते समय अभद्र भाषा का उपयोग कर रहे थे। उन्हें आराम से बैठकर खाना खाने के लिए कहा गया तो तीनों युवक होटल कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का उपयोग करने लगे। इसके बाद वह होटल के बाहर चले गए। कुछ देर बाद उनमें से एक युवक अपनी गाड़ी से पिस्टल निकालकर दोबारा उनके होटल के अन्दर आ गया। युवक ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कसौला हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी गांव पातूहेड़ा निवासी सतीश उर्फ जेसीबी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।