रेवाड़ी। पुलिस ने 26 जनवरी को गांव भालखी के सरपंच प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला करने के मामले में संलिप्त दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के जिला कोटपुतली बहरोड़ के गांव परतापुर निवासी सोनू उर्फ अंधेरा व गांव नांगल जमालपुर निवासी कमल है।
पुलिस इस मामले में 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गांव ढाणी भालखी निवासी सुरेंद्र उर्फ धोलिया ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह 26 जनवरी के दिन गांव भालखी के स्कूल में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपने ताऊ के बेटे दीनदयाल के साथ गया था।
कार्यक्रम के बाद वह अपनी ब्रेजा कार से घर लौट रहा था। गांव माजरा का अंडरपास क्रॉस करते ही एक बोलेरो कैंटर ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। एक बोलेरो उसकी कार के आगे लगा दी गई। इन गाड़ियों से रवि, योगेश, पकंज सहित 10 से अधिक लोग उसके पास आए।
इसके बाद रवि, नवीन व शीशपाल ने उसे गाड़ी से बाहर निकालकर कहा कि तुमने भाई रविंद्र हाथी से मारपीट की थी। उसी ने बदला लेने के लिए हमें भेजा है। आरोप लगाया कि रवि ने उस पर फायर करने का प्रयास किया तो मैगजीन पिस्टल से निकल गई।
इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ लाठी डंडों व राॅड से हमला किया। इस मामले में पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया था। टीम ने मौके से एक मैगजीन व तेज धार हथियार बरामद किए थे, मैगजीन में पांच कारतूस मिले थे। मामले में संलिप्त 6 आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
-
आरोपियों के खिलाफ अन्य मामले हैं दर्ज
आरोपी सोनू के खिलाफ पहले भी राजस्थान के थाना माढंण व थाना खोल में हत्या व मारपीट के 2 मामले दर्ज हैं। आरोपी कमल के खिलाफ भी पहले थाना खोल, बावल, मॉडल टाउन व राजस्थान के थाना बहरोड़ में मारपीट व आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं।