फोटो : 24इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की दो छात्राओं का चयन होने पर खुशी जाहिर करते प्रोफेसरग
रेवाड़ी। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की तरफ से आयोजित इस वर्ष की राष्ट्रीय तिरंगा यात्रा में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर की दो छात्राओं का चयन हरियाणा राज्य की ओर से हुआ है। वाणिज्य विभाग से शशि यादव और प्रबंधन विभाग की अंजलि को इस यात्रा के लिए चुना गया है जो 10 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित की जाएगी और इसका समापन लाल चौक कश्मीर में होगा।
विशेष बात यह है कि इस चयन से पहले इन छात्राओं को पंचकूला में विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का अवसर मिला जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन्हें हरियाणा राज्य से प्रतिनिधित्व के लिए चुना गया। शशि यादव को पूरे हरियाणा दल की नेतृत्वकर्ता (लीडर) नियुक्त किया गया है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल विश्वविद्यालय की ही नहीं पूरे प्रदेश के लिए सम्मान की बात है कि हमारी छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण यात्रा में नेतृत्व कर रही हैं।
एनएसएस की समन्वयक डॉ. मीरा भांभा ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई के लिए गर्व का क्षण है।