गांव बुडोली निवासी ओमप्रकाश अपने भतीजों साहिल, प्रशांत और रोहित के साथ बाइक पर सवार होकर नांगल मूंदी रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महेंद्रगढ़ की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाइक को करीब सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सड़क से हटाया और उन्हें पास के निजी अस्पताल, रेवाड़ी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ओमप्रकाश, साहिल और प्रशांत को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है।
चारों लोग महेंद्रगढ़ जिले के गांव सतनाली में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रोहित अपने ताऊ ओमप्रकाश और दोनों भाइयों को मूंदी रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।