रेवाड़ी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत चौकी सेक्टर-3 पुलिस ने भाड़ावास रोड पर मिले साढ़े चार साल के दो मासूम बच्चों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया। इसपर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
रविवार शाम सूचना मिली थी कि भाड़ावास रोड पर एक लड़का और लड़की घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को चौकी लाई। बच्चे अपने घर का पता बताने में असमर्थ थे। पुलिस कर्मचारियों ने आसपास के क्षेत्रों में उनके परिजनों की तलाश शुरू की।
स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ के बाद पता चला कि दोनों बच्चे गांव रामपुरा के रहने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क किया। बच्चे के पिता लीला राम ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे उनका बेटा अपनी मौसी की बेटी के साथ घर से बिना बताए निकल गया था। परिजन काफी समय से दोनों की तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने अभिभावकों से छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें अकेला नहीं छोड़ने की अपील की है। भटका हुआ बच्चा मिलने पर तुरंत पुलिस या डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया है।