रेवाड़ी की अपराध शाखा-2 धारूहेड़ा इंचार्ज निरीक्षक योगेश हुड्डा की टीम ने हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड की मुद्रा-दिल्ली पाईप लाईन से तेल चोरी करने के प्रयास करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान यूपी के जिला कासगंज के गांव बदनपुर शोरो निवासी जितेन्द्र कुमार व जिला भिवानी के गांव कुंडल निवासी कृष्ण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गांव बगंडवा निवासी महेन्द्र सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था की वह हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत है। 22 फरवरी 2023 को उनकी मुद्रा-दिल्ली पाईप लाईन के खण्डोडा-हेली मंडी सेक्शन पर तेल लीक का अलार्म आया था। जिस की जांच के लिए 6 टीमों द्वारा पाईप का निरीक्षण किया गया तो गांव शहबाजपुर खालसा के खेतों के एरिया में तेल फैला हुआ मिला तथा पाईप लाईन में दो वाल्स लगे हुए मिले। किसी नाम पता नामालुम व्यक्तियों द्वारा कार्पोरेशन की मुद्रा-दिल्ली पाईप लाईन को क्षति पहुंचा कर तेल चोरी करने का प्रयास किया गया थ। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कसौला में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।