थाना शहर पुलिस ने हरियाणा रोडवेज बस स्टैंड पर नकली टिकट बेचने के आरोप में दो नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1750 रुपये कीमत की फर्जी टिकट बरामद की हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना शहर प्रभारी मित्रपाल ने बताया कि हरियाणा रोडवेज के परिचालक सतपाल ने बताया कि दो बालक कुछ फर्जी टिकट बेचने के प्रयास में हैं। पुलिस ने टीम बनाकर बस स्टैंड से बहरोड़ के गांव और कोकावास गांव निवासी नाबालिगों को नकली टिकटाें के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को उनके पास से 21 रुपये की 10, 37 रुपये की 20 तथा 40 रुपये की 20 टिकट मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी नाबालिग हैं तथा पहली बार ही उन्हाेंने यह हरकत की। उनको रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
इस तरह पकड़ में आए
पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों ने एक सप्ताह पहले रोडवेज विभाग के परिचालक सतपाल से संपर्क किया और बताया कि उनके पास कुछ टिकटें हैं, जिन्हें वे बेचना चाहते है। इस पर सतपाल को लगा कि उनके पास टिकट कहां से आई इसका पता लगाया जाए। इस पर सतपाल ने रविवार को उन दोनों को बुला लिया इसकी जानकारी पुलिस और विभाग के उच्च अफसरों को दी। इस तरह आरोपी पकड़ में आ गए।
कौन है अजय?
थाना पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बच्चों ने पूछताछ में बताया कि अजय नामक एक व्यक्ति उन्हें मिला था। अजय ने उनसे कहा था कि वह उन्हें रोडवेज बस की फ्री टिकट देगा, जिसे बेचकर वह पैसा कमा सकते हैं। इस पर बच्चे तैयार हो गए। बच्चों का सतपाल से 1700 रुपये में टिकट बेचने का सौदा तय हुआ था। अजय कौन है पुलिस इसका पता लगा रही है।