कोसली। सीआईए कोसली ने प्रतिबंधित नशीली दवाएं उपलब्ध कराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यूपी के जिला बहराइच के गांव कुडोनी निवासी कामरान असरफ व बहराइच के गांव नोगाइया निवासी अब्दुल हसीब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी कामरान असरफ के कब्जे से 160 प्रतिबंधित नशे की गोलियां बरामद की है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। 3 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी के जिला बहराइच के गांव मोहरी खुर्द हाल आबाद मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी बृजेंद्र कुमार वर्मा नशीली दवाएं बेचने का काम करता है। वह नशीली दवाएं लेकर प्रजापति चौक -रामगढ़ रोड पर खड़ा है। पुलिस ने पहुंचकर आरोपी की तलाशी ली तो 2892 नशीली गोलियां मिलीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी बृजेंद्र कुमार वर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी बृजेन्द्र ने बताया था कि वह नशीली दवाएं यूपी के जिला बहराइच के गांव कुडोनी निवासी कामरान असरफ व गांव नोगाइया निवासी अब्दुल हसीब से लेकर आता था। इस मामले में पुलिस ने संलिप्त दो और आरोपी कामरान असरफ व अब्दुल हसीब को भी गिरफ्तार कर लिया है।