भिवाड़ी। मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश कुमार मीणा से मारपीट करने के मामले में ऑटो टिपर चालक कुलदीप दायमा और देवेंद्र बिधूड़ी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई।
बीते शुक्रवार को भिवाड़ी नगर परिषद कार्यालय में मुख्य सफाई निरीक्षक से मारपीट करने का आरोप टिपर चालक और देवेंद्र बिधूड़ी समेत अन्य पर लगाया गया था। पीड़ित अधिकारी ने देवेंद्र बिधूड़ी, कुलदीप दायमा सहित करीब पांच लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी।
मारपीट की घटना के विरोध में नगर परिषद कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे और 72 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। मंगलवार को दो आरोपियों के पकड़े जाने के बाद हड़ताल खत्म हो गया।