संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने युवक पर फायरिंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वार्ड नं. 4 धारूहेड़ा निवासी विकास शर्मा उर्फ अलबादी व सेक्टर-4 धारूहेड़ा हाल मोहल्ला खलियावास धारूहेड़ा निवासी संजू कुमार उर्फ माफिया के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 1 चाकू व 1 कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि सोहना रोड हनुमान मंदिर वाली गली धारूहेड़ा निवासी आनंद ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 9 अक्तूबर की रात के समय वह रामलीला देखकर अपने घर जा रहा था। जब वह हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंचा तो वहां पर सन्जू व विकास उर्फ अलबादी अपने अन्य साथियों के साथ खड़ा हुआ था। जब वह अपनी गली में मुड़ने लगा तो आरोपी सन्जू व उसके साथी उसके साथ मारपीट करने लगे। जब उसने शोर मचाया तो उसके साथी संदीप ने मौके पर पहुंच कर उसे बचाया। जो संदीप उसे इलाज के लिए धारूहेड़ा के एक क्लीनिक पर ले गया। क्लीनिक बंद होने के कारण जब वह वापिस आने लगे तो बालाजी मंदिर के पास बैठे आरोपी विकास उर्फ अलबादी ने उसके साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी सन्जू ने उसे जान से मारने की नियत से चाकू से उसकी पीठ पर वार किए तथा आरोपी विकास उर्फ अलबादी ने उस पर सीधा फायर कर दिया, जो उसने नीचे गिरकर अपनी जान बचाई है। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने बुधवार को मामले में संलिप्त दो आरोपी विकास शर्मा उर्फ अलबादी व सन्जू कुमार उर्फ माफिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया 01 चाकू व 01 देशी कट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को पेश अदालत करके पुछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास शर्मा उर्फ अलबादी के खिलाफ पहले भी थाना धारूहेड़ा व सेक्टर-6 में अपहरण व मारपीट के 4 मामले दर्ज है। वहीं, आरोपी सन्जू कुमार उर्फ माफिया के खिलाफ भी थाना धारूहेड़ा व सेक्टर-6 में अपहरण व मारपीट के 03 मामले दर्ज है।