रेवाड़ी। साइबर थाना रेवाड़ी पुलिस ने गांव भाकली निवासी एक महिला को झांसा देकर ठगी करने के मामले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला धौलपुर के गांव दीवानपुरा जखा निवासी सचिन मीना व संजीत मीना के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके आरोपी सचिन मीना को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा आरोपी संजीत मीना को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। 5 जनवरी को गांव भाकली निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि 15 दिसंबर 2024 को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने उसे बताया कि उसका एक पार्सल आया हुआ है। पार्सल काफी महंगा होने के कारण उसे 42 हजार रुपये टैक्स के देने होंगे। उसने बातों में आकर तीन बार में 42 हजार रुपये आरोपी के बताए गए खाता नंबरों पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे बताया गया कि उसने गलत खाता नंबरों पर पैसे डाले हैं। उसकी यह राशि उसे वापस मिल जाएगी, लेकिन उसे दूसरे नंबरों पर पैसे डालने होंगे।
महिला ने बताया कि लगातार फोन पर बात करते हुए आरोपी ने झांसे में देकर उससे 1 लाख 40 हजार 900 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता लगा कि साइबर ठगी में राजस्थान के जिला धौलपुर के गांव दीवानपुरा जखा निवासी सचिन मीना व संजीत मीना का बैंक खाता भी प्रयोग किया गया था। आरोपी सचिन मीना के खाते में 71 हजार रुपये व संजीत मीना खाते में 15 हजार रुपये गए थे। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।