बावल। तीन शराब ठेकों पर लूटपाट, तोड़फोड़ करने के दो आरोपियों राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के सहमत नगर निवासी लोकेश और गांव रानोली निवासी करण उर्फ डोगा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने बताया कि 7 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे पुलिस को गांव पावटी, किशनपुर और नांगल उगरा स्थित शराब ठेकों पर लूटपाट और तोड़फोड़ की सूचना मिली थी। शिकायत के अनुसार दो गाड़ियों और दो बाइकों पर सवार होकर आए करीब 8 से 10 युवकों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और अवैध हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने तीनों ठेकों के सेल्समैनों को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और बियर की पेटियां लूट लीं। इसके अलावा पेटीएम मशीन सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर सेल्समैनों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से भाग गए। इस मामले में गांव अलावलपुर निवासी शराब ठेका संचालक सुरेंद्र की शिकायत पर थाना बावल में मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
सीआईए धारूहेड़ा और थाना बावल की संयुक्त टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने नाकाबंदी के साथ तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
करण उर्फ डोगा के खिलाफ थाना बावल में मारपीट का एक मामला दर्ज है, जबकि लोकेश के खिलाफ राजस्थान के थाना तिजारा में चोरी का मामला दर्ज है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल वाहनों, अवैध हथियारों और लूटे गए सामान की बरामदगी के साथ अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।