फोटो : 2आरोपी, जितेन्द्र उर्फ जीतू। स्रोत : पीआरओ
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने मोहल्ला शुकपुरा निवासी एक व्यक्ति से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगी करने के मामले दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिल्ली के कैलाश विहार सुलेमान किरारी नगर निवासी जितेन्द्र उर्फ जीतू व सूरज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल, मोहल्ला शुकपुरा निवासी ईश्वर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट देखने के बाद वह कारोबार के सिलसिले में गत वर्ष मार्च माह में एक ग्रुप में ज्वाइन हो गया था। उसे एक व्हाट्सएप नंबर मिला था, जिससे वह ग्रुप में शामिल हो गया। उसका ग्रुप एडमिन से संवाद होना शुरू हो गया। उससे ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का लालच देते हुए डीमेट अकाउंट खुलवा दिया। इसके बाद उससे बार-बार खातों में पैसे ट्रांसफर कराते हुए 13 लाख 40 हजार 102 रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस पर पुलिस ने साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज करके पांच आरोपी विकाश, हरविन्द्र, मुनीष बंसल उर्फ मोनू, त्रिभुवन व अशोक कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने शुक्रवार को मामले में संलिप्त दो और आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू व सूरज सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।