रेवाड़ी। रेवाड़ी-नारनौल हाईवे 11 पर शुक्रवार की देर रात गांव माजरा के पास एक निजी बस से उतर रही सवारियों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में एक दिल्ली पुलिस के जवान की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 सवारियां घायल हुई हैं। घायलों को अलग-अलग निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
निजी बस चालक माजरा के पास बस को रोक सवारियों को उतार रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक चालक ने सवारियों को राैंद दिया। दुर्घटना में हुडिया के अतुल की मौत हुई है। अतुल की अभी 2 साल पहले ही शादी हुई थी और उसका एक बच्चा भी है। अतुल दिल्ली में अपनी ड्यूटी खत्म करके गांव आ रहा था, तभी बीच में यह हादसा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम वहां पर पहुंची। फिलहाल पुलिस अभी मामले की जांच पड़ताल कर रही है।