धारूहेड़ा। निखरी फ्लाईओवर के अंडरपास के पास सर्विस रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार ग्राम सचिव घायल हो गए। 8 सितंबर को हुई इस दुर्घटना के मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गुड़ियानी निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि वह धारूहेड़ा ब्लॉक में ग्राम सचिव के पद पर कार्यरत हैं। 8 सितंबर को सुबह वह बाइक से नंदरामपुर बास ड्यूटी पर जा रहे थे।
निखरी फ्लाईओवर के अंडरपास को पार करने के बाद जब वह सर्विस रोड पार कर रहे थे, तभी दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार में आए ट्रक हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर गए और उनके पैर में चोट लग गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और ट्रक को रोक लिया गया। घायल कृष्ण कुमार ने ट्रक का नंबर और चालक का नाम नूंह के पाटुका, निवासी तौफीक बताया। इसके बाद वह बेहोश हो गए। होश आने पर खुद को अस्पताल में भर्ती पाया।
डॉक्टर से बयान देने योग्य होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने घायल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच धारूहेड़ा थाना के एसआई सुरेश कुमार को सौंपी गई है।सुरेश कुमार का कहना है कि मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।