संवाद न्यूज एजेंसी
कुंड। रेवाड़ी-नारनौल रोड पर कुंच के समीप मंगलवार की सुबह साढ़े पांच बजे बिना रिफ्लेक्टर के सड़क पर खड़े ट्रक से ट्राला टकरा गया। इस घटना में ट्राला में आग लग गई और झुलसने से चालक सुभाष (31) की मौत हो गई। वह राजस्थान के कोटपूतली का निवासी था। मौके पर से ट्रक चालक भाग निकला। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्रगढ़ के गांव ढाणी बाठोठा निवासी नरेंद्र ने बताया कि उसके पास एक ट्राला है। उसने राजस्थान के जिला कोटपूतली के गांव बिठलोदा निवासी सुभाष को चालक के रूप में रखा है। 3 मई को वह ट्राला पर रोड़ी लोड करके फरीदाबाद गया था। मंगलवार को सुभाष रोड़ी खाली करके नारनौल आ रहा था। अलसुबह सूचना मिली कि सुभाष का कुंड में एक होटल के सामने दुर्घटना हो गई है। इसकी सूचना सुभाष के परिजनों को भी दी। मौके पर जाकर देखा तो मालूम चला कि ट्रक को पीछे से ट्राला ने टक्कर मारी है। ट्रक बिना इंडिकेटर के रेवाड़ी नारनौल रोड पर खड़ा हुआ था। ट्रक चालक ने संकेतक भी नहीं लगाए थे और न ही रिफ्लेक्टर गार्ड लगाया था। गाड़ी में आग लगी हुई थी। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम आई, उसने आग पर काबू पाया। तब तक सुभाष की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।