संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए चलाई गई परिवहन सुरक्षा योजना का विस्तार नहीं हो पाया है। उम्मीद जताई गई थी कि इससे विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा लेकिन इसे जिला स्तर पर लागू नहीं किया जा सका।
परिवहन योजना नवंबर 2023 में शुरू की गई थी, लेकिन 2025 तक सिर्फ ब्लॉक स्तर तक ही सीमित रह गई है। योजना पहले ब्लॉक स्तर पर ट्रायल के तौर पर चलाई गई। बाद में पूरे जिले में योजना लागू होनी थी, लेकिन जिला स्तर पर अभी तक लागू नहीं की गई। जाटूसाना ब्लॉक में 30 स्कूलों के 77 रूट पर वाहन चलने थे, कई रूटों पर शुरू ही नहीं हुए और अधिकतर पर धीरे-धीरे बंद हो गए।
नवंबर 2023 में विद्यार्थियों (छात्र और छात्रा) के लिए परिवहन सुरक्षा योजना की घोषणा की थी। योजना के तहत पहले जाटूसाना खंड स्तर पर 30 स्कूलों के 77 रूटों पर 86 वाहन चलने थे, मगर कई रूटों पर वाहन ना मिलने के कारण नहीं चल सके। फिर कुछ दिन बजट नहीं मिला तो अधिकतर वाहन हट गए, अब कुछ रूटों पर ही मात्र वाहन चल रहे हैं अधिकतर बंद हैं। विभाग की ओर से इसे खंड स्तर से जिला स्तर पर विस्तारित करना था और हर ब्लॉक के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को योजना का लाभ देना था। अधिकारियों का कहना है कि पहले खंड स्तर पर इस योजना को चलाना था, फिर जिला स्तर के लिए जो निर्देश आएंगे, उसे पर अमल किया जाएगा।
-
फिट वाहन ना मिलना भी एक कारण
इस योजना में सबसे बड़ी अड़चन परिवहन सुरक्षा नीति के अनुसार मानक पूरे करने वाले वाहन न मिलना है। कहीं प्रशिक्षित चालक नहीं है, कहीं वाहन के अंदर सीसीटीवी कैमरे नहीं है, किसी की समय पर मेंटेनेंस नहीं होती तो कोई अन्य मानक पूरे नहीं करता। इसके अलावा बजट भी समय पर नहीं मिलता। इसलिए यह योजना सफल नहीं हो पा रही है
वर्जन
यह सरकार और निदेशालय स्तर का मामला है, जिलास्तर का मामला नहीं है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सरकार ने योजना लागू की है। पहले खंड स्तर पर एक ब्लॉक को चुनना था, फिर जिला स्तर पर शुरू करने की योजना है।-कपिल पूनिया, डीईओ रेवाड़ी।