बावल। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे तापमान के साथ आग लगने की घटनाओं में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को दो घटनाएं सामने आईं। दमकल विभाग कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव मोहनपुर में एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई है। इस पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
वहीं दूसरी घटना रसियावास रोड पर सामने आई। बताया गया कि बिलासपुर से छह लोग जमीन देखने के लिए कार में सवार होकर आए थे। जैसे ही उनकी गाड़ी रसियावास रोड पर पहुंची तो अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। गाड़ी में सवार सभी लोग तुरंत नीचे उतर गए। देखते ही देखते गाड़ी में आग की लपटें उठने लगीं और वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
गाड़ी मालिक ने दमकल को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गाड़ी जल चुकी थी। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। दमकल विभाग अधिकारियों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के कारण आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और वाहनों व बिजली उपकरणों की नियमित जांच कराने की सलाह दी गई है।