मॉडल टाउन में शिविर के दौरान एकत्रित किसान व अधिकारी। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। हरियाणा मैनेजमेंट एंड एग्रीकल्चर एक्सटेंशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (हमेटी) जींद की तरफ से प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मॉडल टाउन में किया गया। इसमें किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। आयोजनकर्ता डॉ. जोगिंद्र सिंह यादव रहे। कृषि विभाग के खंड कृषि अधिकारी डॉ. अनिल यादव ने प्राकृतिक खेती की उपयोगिता और विभाग की योजनाएं बताईं।
उन्होंने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के सस्यवैज्ञानिक डॉ. सतजीत ने जीवामृत, घनजीवामृत व अन्य प्राकृतिक आदानों की तैयारी और उपयोग की विधि समझाई। डॉ. जय नाथ पटेल ने मृदा स्वास्थ्य को खेती की आधारशिला बताते हुए हरी खाद और मिट्टी-पानी की जांच पर जोर दिया।