रेवाड़ी। जिला प्रशासन ने आगामी लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए डीसी और जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा के मार्गदर्शन में जिला रेवाड़ी में नियुक्त सभी नोडल अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसर व टीम को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वीरवार को जिला के सभी नोडल अधिकारियों को तथा विभिन्न प्रकार की टीमों को प्रशिक्षण देकर प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान अधिकारियों को चुनाव के दौरान अपने दायित्व व कार्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करने का पाठ पढ़ाया गया। शुक्रवार 1 मार्च को बाद दोपहर 2 बजे 72-बावल (अजा) विस क्षेत्र के सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व सेक्टर ऑफिसर, सायं 3 बजे 73-कोसली विस क्षेत्र के सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व सेक्टर ऑफिसर तथा सायं 4 बजे 74-रेवाड़ी विस क्षेत्र के सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व सेक्टर ऑफिसर को जिला सचिवालय सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ईवीएम के बारे में आमजन को किया जा रहा जागरूक
डीसी और जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर आमजन को ईवीएम के बारे में जागरूक करने और ईवीएम के बारे में नागरिकों की शंकाओं का समाधान करने के लिए करने के लिए जिले में विभिन्न जगहों पर ईवीएम प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं जिन पर ईवीएम मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं जो आमजन को ईवीएम से संबंधित जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि लघु सचिवालय रेवाड़ी समेत जिला में कई जगह ईवीएम प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षण केंद्रों पर कोई भी व्यक्ति कार्यालय समय में जाकर ईवीएम के बारे में नियुक्त ईवीएम मास्टर ट्रेनर से जानकारी प्राप्त कर सकता है।