रेवाड़ी। सरकारी दफ्तरों और राजकीय विद्यालयों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) कर्मचारियों की कार्यकुशलता और सेवा गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से डायट हुसैनपुर में पांच दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्राचार्य प्रदीप दहिया ने दीप जलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की सुचारु व्यवस्था में ग्रुप-डी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कर्मचारियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें उनके दायित्वों, सेवा नियमों और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों से बेहतर तरीके से परिचित कराना है, ताकि उनमें सकारात्मक कार्य संस्कृति, अनुशासन और टीम भावना का विकास हो सके।
प्रशिक्षण प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के पहले दिन कर्मचारियों को अनुशासन, समयपालन, कार्यालयीन व्यवहार और कार्यस्थल शिष्टाचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण 11 जुलाई तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को सेवा नियम, अवकाश नियम, डिजिटल साक्षरता, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। संवाद