धारूहेड़ा। कस्बे के भगत सिंह चौक पर अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है। शनिवार शाम करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
चौक और आसपास के क्षेत्रों में दुकानदारों, ठेले वालों और अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों ने सड़क का बड़ा हिस्सा घेर रखा है। इससे सड़क की चौड़ाई कम होती जा रही है और वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। कई बार पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता निकालना मुश्किल हो जाता है।
लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले कई दिनों से सुबह और शाम के समय लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। विशेषकर भगत सिंह चौक से बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमण ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। दिल्ली रोड और शनि मंदिर तक फुटपाथों पर भी कब्जे की स्थिति देखी जा रही है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।