रेवाड़ी। शहर के बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण के कारण व्यापारी और आम लोग परेशान हैं। सड़क, फुटपाथ और पार्किंग स्थलों पर रेहड़ी-फड़ियों के कब्जे से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पार्किंग स्थलों पर भी कब्जे होने से बाजार आने वाले लोगों दिक्कतें होती है।
मोती चौक, पुरानी सब्जी मंडी, गोकल बाजार, मॉडल टाउन, गोकलगेट बाजार, पंजाबी मार्केट, काठमंडी, रेलवे बाजार, अपना बाजार, नया बाजार, ब्रास मार्केट, बावल चौक, आंबेडकर चौक, धारूहेड़ा चुंगी, झज्जर चौक और नाईवाली चौक समेत कई इलाकों में रेहड़ी-फड़ियों की भरमार है। इससे दिनभर वाहनों की आवाजाही के बीच जाम की स्थिति बनी रहती है।
नगर परिषद ने पिछले वर्ष शहर के 10 अतिव्यस्त स्थानों को नो पार्किंग जोन घोषित किया था। इन स्थानों पर अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर जुर्माने का प्रावधान भी किया गया था। इसके बावजूद इन स्थानों को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया जा सका। सड़क और फुटपाथ पर कब्जे होने से पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है।
शहरवासियों और व्यापारियों की मांग है कि नगर परिषद अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाए और नो पार्किंग जोन में कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
नाईवाली चौक समेत कई जगह रोजाना जाम
नाईवाली चौक, आंबेडकर चौक, धारूहेड़ा चुंगी, झज्जर चौक और रेलवे चौक पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। यहां दुकानों और रेहड़ी-फड़ियों के कारण सड़क संकरी हो गई है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहने के बावजूद जाम की समस्या बनी रहती है।
जाम के कारण ग्राहक बाजार में आने से कतरा रहे
व्यापारियों सुरेंद्र वशिष्ठ, बलबीर सिंह, योगेंद्र वर्मा, पुरूषाेत्तमदास, मनीष चराया, राजेश दत्त, विकास गुप्ता का कहना है कि जाम के कारण ग्राहक बाजार में आने से कतराते हैं। इसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है। मांग की है कि जल्द से जल्द व्यवस्था बनाई जाए।
वर्जन
शहर में अतिक्रमण को लेकर अभियान चलाया जाएगा। रेहड़ी व फड़ों काे व्यवस्थित तरीके से लगवाया जाएगा। फुटपॉथ व नाले पर सामान रखने वाले दुकानदारों के चालान भी किए जाएंगे। मेरी उन दुकानदारों से अपील है कि अपना सामान दुकान के अंदर ही रखे ताकि बाहर से आने वाले ग्राहकों को परेशानी न हो।
- विनीता पीपल, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी
मोती चौक पर घंटेश्वर मंदिर के पीछे दुकानों के बाहर लगी रेहड़ियां व फड़। संवाद- फोटो : credit
मोती चौक पर घंटेश्वर मंदिर के पीछे दुकानों के बाहर लगी रेहड़ियां व फड़। संवाद- फोटो : credit