संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) योजना के तहत 2025-26 के लिए रबी की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मौजूदा 2025-26 रबी सीजन में गेहूं, चना, सरसों, जौ और सूरजमुखी फसलों का बीमा किया जा रहा है। किसान की ओर से रबी फसलों का देय प्रीमियम बीमित राशि का 1.5 प्रतिशत रहेगा और शेष प्रीमियम का भुगतान राज्य और केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि व जलभराव से फसल में नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर देय होगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसी गांव में फसल की औसत पैदावार पूर्व निर्धारित पैदावार से कम होने पर क्लेम गांव के सभी बीमित किसानों को दिया जाएगा। फसल कटाई के 14 दिनों के अंदर (फसल सूखने के लिए रखी गई हो) नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर दिया जाएगा।
डीसी ने बताया बताया कि प्रति एकड़ के हिसाब से गेहूं की फसल के लिए बीमित राशि 32523.80 रुपये और किसान द्वारा दी जाने वाली प्रीमियम राशि 487.86 रुपये, चना के लिए बीमित राशि 15986.31 रुपये और प्रीमियम राशि 239.79 निर्धारित है।
जौ के लिए बीमित राशि 20727.21 रुपये और प्रीमियम राशि 310.91 रुपये , सरसों के लिए बीमित राशि 21829.57 रुपये और प्रीमियम राशि 327.44 रुपये तथा सूरजमुखी फसल के लिए बीमित राशि 22050.13 और किसान द्वारा दिए जाने वाली प्रीमियम राशि 330.75 रुपये निर्धारित की गई हैं।