कुंड। वृक्ष पेंशन मिशन मुहिम को लेकर खोल ब्लॉक की बैठक कुंड-खोल रोड पर स्थित धर्मशाला में आयोजित की गई। जिसमें 40 गांवों के काफी संख्या में किसानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक में किसानों को प्राणवायु देवता पेंशन स्कीम के अंतर्गत अपने खेतों में खड़े पुराने पेड़ों की पेंशन बनवाने की मुहिम के बारे में बताया गया।
राष्ट्रीय प्रकृति पर्यावरण संरक्षण एवं योद्धा टीम के राष्ट्रीय संयोजक कमल सिंह यादव ने कहा कि पेड़ होंगे तो जीवन है। बिना पेड़ों के पर्यावरण को संरक्षित नहीं किया जा सकता। इसके लिए जरूरी है कि सरकार को पुराने सभी पेड़ों की पेंशन बनानी चाहिए। अभी इस योजना में केवल उन पेड़ों को ही शामिल किया गया है जो सार्वजनिक जगह पर खड़े हुए हैं। जिले में मात्र 641 पेड़ों की ही पेंशन बनाई गई है। जबकि जिले में किसानों के खेतों व सरकारी और गैर सरकारी को मिलाकर लगाए तो पेड़ों की संख्या 30 लाख पार है। इनमें बड़ी संख्या में पुराने पेड़ शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 4 ब्लॉक नाहड़, डहीना, जाटूसाना व खोल की बैठक हो चुकी है। जबकि बावल ब्लॉक की बैठक 29 मार्च को बावल में और रेवाड़ी ब्लॉक की बैठक 2 अप्रैल को नेहरू पार्क में होगी। ब्लॉक स्तरीय बैठक के बाद इनके फिर से इस पर मंथन करने के लिए जिला स्तरीय बैठक 7 अप्रैल को कोसली गांव के मेन बस स्टैंड स्थित तिकोना पार्क में आयोजित होगी। इस बैठक में जिन किसानों के कागजात पूरे पाए जाएंगे, उनके कागज लेकर सरकार को भेजे जाएंगे। इस मौके पर सरपंच चेतन सिंह अहरोद, सरपंच नंदलाल नांधा, सरपंच चरणजीत श्रीनगर, सरपंच पुंसिका, उमेश अहरोद, शिवपाल सिंह, ओपप्रकाश, जितेन्द्र सिंह, आदित्य, राजेश, नवीन कुमार व श्रीचन्द यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।