संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। नगर पालिका की सोमवार को हुई बैठक में रेलवे रोड पर 15 लाख रुपये की लागत से शौचालय का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। इस दौरान दो नवनियुक्त पार्षदों जगन्नाथ और होशियार सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका प्रधान वीरेंद्र सिंह एडवोकेट ने की। बैठक में नगर पालिका सचिव अनिल कुमार एवं एमई सुनील कुमार प्रशासनिक प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अब प्रधान और उपप्रधान सहित कुल 16 सदस्य पालिका में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त तीन समितियों का गठन भी किया गया है। प्रत्येक में चार-चार पार्षद शामिल किए गए हैं। ये समितियां बिजली, सफाई और भवन निर्माण कार्यों की निगरानी करेंगी।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि दुकानदारों की सुविधा के लिए रेलवे रोड पर 15 लाख रुपये की लागत से टॉयलेट का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक के दौरान कुछ पार्षदों ने अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और अधिकारियों से सफाई व लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। पार्षदों ने कहा कि जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है और उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं दिलाएं।
बैठक में बताया गया कि प्रधान और उपप्रधान को छोड़कर अब पार्षदों की संख्या 14 हो गई है। इन सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की योजना है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपप्रधान अर्जुन, पार्षद जगन्नाथ, होशियार सिंह, रेनू वाला, शीला देवी, किरण, मेहंदी रहता, देवेंद्र हरनेजा, रविंद्र सिंह, सुखबीर सिंह और शहीद सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे। नवनियुक्त पार्षदों को प्रधान एवं उपप्रधान द्वारा बधाई भी दी गई।