भिवाड़ी। अग्रवाल समाज टपूकड़ा की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। समाज के कोषाध्यक्ष सौरभ गोयल ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण सदन के समक्ष रखा।
बैठक में वर्तमान अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने अपने पद से मुक्त होने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद वरिष्ठ सदस्यों और उपस्थित समाज बंधुओं की आम राय से समाजसेवी एवं संगठनात्मक अनुभव रखने वाले ओमप्रकाश गर्ग उर्फ टीटू गर्ग को सर्वसम्मति से अग्रवाल समाज टपूकड़ा का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग तथा निवर्तमान अध्यक्ष राजकुमार गोयल का समाज सदस्यों द्वारा फूलमाला और साफा पहनाकर हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नए अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, विकास और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में घनश्याम मित्तल, सौरभ गोयल, भुवनेश गर्ग, सीए भुवनेश अग्रवाल, आकाश गोयल, श्रीकृष्ण गर्ग व अन्य मौजूद रहे।