कोसली। कोसली गांव के बस अड्डा स्थित निधि कम्युनिकेशन पर बाइक से आए युवक ने मोबाइल खरीदने का झांसा देकर एक मोबाइल लेकर भाग गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों की जांच पड़ताल की, मगर वे पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस ने संबंधित बाइक के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान मालिक राकेश ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को रात करीब आठ बजे अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी बीच वहां बाइक सवार तीन युवक आए। इनमें से दो युवक दुकान से कुछ दूरी पर खड़े हो गए। एक युवक दुकान में आया और मोबाइल दिखाने को कहा। राकेश ने युवक को एक मोबाइल दिखाया, तब युवक ने दूसरा मोबाइल दिखाने को कहा। शिकायतकर्ता के मुताबिक जैसे ही वह दूसरा मोबाइल उठाने के लिए झुका, इसी बीच युवक मोबाइल लेकर भागने लगा। इस दौरान पहले से तैयार दोनों युवकों ने बाइक स्टार्ट कर रखी थी और वे साथी को बैठाकर कोसली बाजार की ओर भाग निकले।
सूचना पर मौके पर कोसली पुलिस पहुंची और आरोपियों की जांच पड़ताल की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद में बाइक की पहचान की है। थाने से महज तीन सौ मीटर दूर व डीएसपी कार्यालय से दो सौ मीटर दूरी पर वारदात होने से लोगों में भय बना हुआ है।
-------------------
कोट
मोबाइल छीनकर भागने के मामले में बाइक को भी चिह्नित किया गया है। आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास जारी है।
-सुमेर सिंह थाना प्रभारी कोसली।