रेवाड़ी। शिक्षा विभाग की ओर से खेल स्टेडियम बावल में आयोजित जिलास्तरीय अंडर-17 बालिका खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय सांजरपुर (खंड बावल) की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान पाया। टीम की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी मुस्कान, प्राची व पायल राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई हैं।
प्रतियोगिता में जिले के पांचों खंड रेवाड़ी, बावल, खोल, जाटूसाना एवं नाहड़ की टीमों ने भाग लिया। सेमीफाइनल मुकाबले में खंड बावल की टीम ने जाटूसाना को 1-4 एवं 9-2 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में खंड बावल का सामना रेवाड़ी से हुआ जहां कड़ी टक्कर के बाद रेवाड़ी प्रथम और बावल दूसरे स्थान पर रहा।
टीम में मुस्कान, रश्मि, रुचि, प्राची, अंशिका, कोमल, रजनी, पायल, रेखा, शबनम, रितिका व टीना ने सराहनीय प्रदर्शन किया। विद्यालय में खिलाड़ियों के लौटने पर स्वागत किया गया। मुख्य अध्यापक कंवर सिंह, स्टाफ सदस्यों व ग्राम सरपंच रामकिशोर ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला प्रधान चंद्रहास ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की इन बेटियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती केवल उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।
खिलाड़ियों को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बधराना के प्राचार्य मनोज कुमार ने भी शुभकामनाएं दीं। स्वागत समारोह में विद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।