संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मणिपुर के इंफाल में 15 से 21 अप्रैल तक आयोजित होने वाले नेशनल स्कूल गेम्स फुटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-19 बॉयज और गर्ल्स) में जिले के तीन खिलाड़ी हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खेल प्रशिक्षक चरण सिंह ने बताया कि नेशनल स्कूल गेम्स फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए शहर के सेक्टर-4 निवासी गर्वित पुत्र बिजेंद्र यादव, उत्तम नगर निवासी सोनिया पुत्री धनपत और कालाका रोड विकास नगर निवासी हर्षिता पुत्री मुकेश का चयन हुआ है। गर्वित डीपीएस स्कूल, सोनिया जैन गर्ल्स स्कूल और हर्षिता राज स्कूल में अध्ययनरत हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरविंद यादव, महासचिव कोच जसवंत सिंह, डिप्टी डायरेक्टर खेल विभाग गौरव सोलंकी, कार्यकारी जिला खेल अधिकारी ममता, सहायक जिला शिक्षा अधिकारी (खेल) भूपेंद्र सिंह, फुटबॉल कोच चरण सिंह, संजीव यादव, एथलेटिक कोच अनिल यादव, टेबल टेनिस कोच प्रमोद कुमार, वालीबॉल कोच रजत यादव, वुशू कोच सुनील खत्री, जूडो कोच करमबीर, उपाधीक्षक पवन कुमार, मनीष, कपूर सिंह ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
गर्वित व सोनिया पहले भी कर चुके हैं प्रतिभाग
कोच चरण सिंह ने बताया कि गर्वित ने इससे पहले 2023 में भी नेशनल स्कूल गेम्स फुटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-17 टीम) में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया था। यह प्रतियोगिता पोर्ट ब्लेयर अंडमान निकोबार में हुई थी। वहीं सोनिया 2024 में अंडर-19 नेशनल स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट में हरियाणा की टीम में शामिल थीं। यह प्रतियोगिता पंजाब के लुधियाना में हुई थी। सोनिया की छोटी बहन लक्ष्मी भी इसी साल अंडर-14 नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया था। उनकी एक और छोटी बहन शिवानी भी फुटबॉल खेलती हैं।