रेवाड़ी। जिले में दो स्थानों पर हुए हादसों में एक महिला और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली दुर्घटना कसौली गांव और दूसरी दुर्घटना दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तेजू पंप के नजदीक हुई। दोनों हादसों में वाहन चालक मौके से भाग निकले फरार हो गए। शिकायत मिलने पर बावल और कसौला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कसौली निवासी धर्मसिंह ने कसौला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार मार्च की शाम उनकी पत्नी सुशीला पानी लेकर लौट रही थीं। घर के पास कार की टक्कर से वह घायल हो गईं। हादसे के बाद कार चालक कार लेकर भाग गया। घायल सुशीला को रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी दुर्घटना दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तेजू पंप के नजदीक हुई। उत्तम नगर निवासी भरत कुमार ने बावल थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नीमराना की एक कंपनी में कार्यरत हैं। सोमवार को वह दोस्त आकाश के साथ मोटरसाइकिल पर जयसिंहपुर बॉर्डर स्थित अपने दोस्त चिंटू से मिलने जा रहे थे।
जब वे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नांगल तेजू पंप के पास पहुंचे तो पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।