कोसली। कस्बे की शिव कॉलोनी स्थित रेलवे पार्क में पांचवां श्री श्याम संकीर्तन वार्षिक महोत्सव 13 नवंबर से शुरू होगा। सांवरिया सेवा मित्र मंडल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार सुबह बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा के साथ होगा। आयोजन को लेकर मंडल के सदस्यों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
मंडल के अनुसार निशान यात्रा सुबह 9:15 बजे रेलवे पार्क से रवाना होगी। यह कस्बे के मुख्य बाजार से होते हुए विश्वकर्मा कॉलोनी स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में सुसज्जित श्याम रथ और आकर्षक धार्मिक झांकियां विशेष आकर्षण रहेंगी। श्रद्धालु हाथों में बाबा श्याम के निशान लेकर भजन-कीर्तन और जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल होंगे। महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को श्री श्याम जागरण आयोजित किया जाएगा। इसमें भजन गायक राजेश जांगड़ा कोसली, आकाश अरोड़ा फरीदाबाद, बालकिशन शर्मा रेवाड़ी और रामसेना गुरुग्राम भजनों के माध्यम से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 15 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।