रेवाड़ी। पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1.55 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गुजरात के जिला वडोदरा के दंतेश्वर के नीलकंठ रेसी, कम प्लाजा नीयर संतोषवादी निवासी प्रफुल्ल जगदीश बाविस्कर, महादेव नगर नीयर ज्योति नगर जदेश्वर रोड भरूच हाल आबाद विस्तीरिया हाइट वडोदरा निवासी राज महेंद्र भाई चौहान और रंजित नगर नीयर सत्यनारायण सोसायटी दंतेश्वर निवासी शर्मा विवेक जगदीश है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार 25 जुलाई 2024 को गांव गुड़ियानी निवासी दिनेश कुमार ने शिकायत में बताया था कि वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे। 27 जून 2024 को एक एपीके फाइल मिली। ग्रुप एडमिन ने उनको फाइल डाउनलोड करने को कहा। इसे डाउनलोड करते ही उनके मोबाइल फोन पर बार्लेज सिल नाम की कंपनी एप इंस्टाल हो गई।
इसके बाद उनको ग्रुप पर शेयर मार्केट के शेयर दिखाकर इन्वेस्टमेंट करने के लिए कहा गया। पैसे लगाने के लिए उन्हें अलग-अलग खाता नंबर भेजने शुरू कर दिए। उन्होंने एप को सही मानकर शेयर खरीदने के लिए सबसे पहले 28 जून को 5 हजार रुपये एक खाता नंबर पर ट्रांसफर किए।
ग्रुप के सदस्यों से एप की हकीकत पता करने के लिए पूछताछ की तो उन्होंने इसे सही ठहराते हुए कहा कि वह भी एप के माध्यम से शेयर खरीद रहे हैं। उन्होंने 22 जुलाई 2024 तक दो दर्जन से अधिक ट्रांजेक्शन के जरिए 1 करोड़ 55 लाख 7 हजार रुपये बताए गए खातो में ट्रांसफर कर दिए। उनके एप खाते पर मोटा मुनाफा दिखाया गया। बाद में उसे पता चला कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है।
प्रफुल्ल के खाते में ट्रांसफर हुए थे ठगी के 40 लाख रुपये
प्रफुल्ल जगदीश बाविस्कर के बैंक खाते में ठगी के 40 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। दो अन्य आरोपियों ने बैंक खाता मुहैया कराने के लिए मध्यस्थ की भूमिका अदा की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करके आरोपी राज महेंद्र भाई चौहान को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। दो अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।