रेवाड़ी। जिले में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सेक्टर-6 थाना धारूहेड़ा पुलिस टीम ने जिला गुरुग्राम के गांव बोहड़ा कलां निवासी आरोपी रामचंद्र को 12 बोतल देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। थाना रामपुरा पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र से मध्यप्रदेश के छतरपुर के गांव चंदला निवासी किरायेदार रतन को 61 बोतल देशी शराब के साथ पकड़ा।
थाना शहर रेवाड़ी पुलिस टीम ने मोहल्ला इंद्रा काॅलोनी के निवासी आरोपी विशू उर्फ बुगल को 14 बोतल देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने कहा कि जिले में गश्त और चेकिंग बढ़ाई गई है। विशेष नाके लगाकर आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने या बेचने या असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।