संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने पार्ट टाइम नौकरी दिलाने के नाम पर गांव डहीना निवासी एक व्यक्ति से ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों राजस्थान के जिला जोधपुर के गांव टोडियाणा निवासी जेठू सिंह, बाड़मेर के गांव इंदोई निवासी आसू सिंह और जोधपुर के गांव चांदवाभाखर निवासी आदित्य सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि धीरज यादव के खाते से दो लाख रुपये जेठू सिंह के खाते में गए थे। जेठू सिंह ने आसू सिंह और आदित्य सिंह के कहने पर अपना खाता कमीशन के आधार पर साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव डहीना निवासी धीरज यादव ने एफआईआर में कहा था कि गत वर्ष 5 अगस्त को उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक विज्ञापन देखा था। उस पर क्लिक करने के बाद उसके टेलीग्राम अकाउंट पर एक मैसेज आया, जिसमें उसकी जन्मतिथि और पता पूछा गया था।
कुछ देर बाद एक और टेलीग्राम अकाउंट से मैसेज आया, जिसमें पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया गया था। उनके पास एक लिंक भेजा गया। उसी दिन उससे एक ट्रेडिंग अकाउंट पर एक रिव्यू सबमिट करवाया गया। इसके बदले उसे ट्रायल बेस पर 699 रुपये मिले।
अगले दिन 6 अगस्त को उससे 10 हजार रुपये जमा करवाए गए। 30 रिव्यू सबमिट करने के बाद उसे करीब 17 हजार रुपये लौटाए गए। इसके बाद वह चंगुल में फंसता चला गया।
कई ट्रांजेक्शन के जरिए उसने करीब 4 लाख 92 हजार रुपये उनके अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे निकालने का प्रयास किया, तो उससे और पैसे जमा कराने के लिए कहा गया। इसके बाद उसे साइबर ठगी का पता चला। जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपी पकड़े हैं।