संवाद न्यूज एजेंसी
कुंड। मनेठी में एम्स संघर्ष समिति की कोर कमेटी बैठक मंगलवार को समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें वक्ताओं ने माजरा एम्स में ओपीडी नहीं शुरू करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बैठक में फ्लाइंग लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव के शहीद होने पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और माजरा एम्स का नाम सिद्धार्थ के नाम करने की मांग की गई। एम्स संघर्ष समिति ने माजरा एम्स में जनरल ओपीडी शुरू करने की मांग की। कहा कि इसी सत्र से माजरा एम्स के नाम से एमबीबीएस की कक्षाएं किसी अन्य एम्स में शुरू की जाएं। कहा कि जब देश में इसी योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एम्स में एमबीबीएस की कक्षाएं चल रही हैं तो माजरा एम्स में शुरू क्यों नहीं की जा रही है।
एम्स संघर्ष समिति ने ओवरब्रिज का निर्माण तुरंत शुरू करने की मांग की है। एम्स संघर्ष समिति ने फैसला लिया है कि अगर संबंधित अथारिटी एवं जन प्रतिनिधियों ने समय रहते हुए सकारात्मक जवाब नहीं दिया तो मई के पहले सप्ताह के रविवार को होनी वाली बैठक में आंदोलन का ऐलान कर दिया जाएगा। बैठक में राजेंद्र सिंह एडवोकेट, डॉ. एचडी यादव, लक्ष्मण सिंह, बीडी यादव, दिलबाग सिंह, राजेंद्र सिंह, एसपी गोयल, यादराम, देसराज, राजबीर नंबरदार, कंवल सिंह, महावीर पंच, डॉ. नरेंद्र सिंह, रामेश्वर दयाल मौजूद रहे। संचालन सचिव ओमप्रकाश सैन ने किया।