रेवाड़ी। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से 1 जनवरी 2026 से ट्रेनों की नई समय-सारणी लागू की जाएगी। इसमें कई ट्रेनों के विस्तार के साथ ही ट्रेनों की संख्या में बदलाव भी किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि दोहरीकरण, विद्युतीकरण से जुड़े कार्य पूरे हो गए हैं। इन कार्यों के कारण ट्रेनों की गति में सुधार हुआ है और समय की बचत हुई है। इन्हीं कारणों के चलते ट्रेनों की समय-सारणी में संशोधन किया गया है जिससे कि यात्रियों को बेहतर रेल सेवा मिल सके।
उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर ट्रेनों के संचालन की नई समय सारणी 1 जनवरी 2026 को जारी की जाएगी। नई समय सारणी में नए ट्रेनों के संचालन, ट्रेनों के विस्तार, फेरों में वृद्धि, ट्रेन संख्या में बदलाव, नए ठहराव और विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन व प्रस्ताव समय में बदलाव को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि नई समय सारणी की प्रमुख विशेषता 61 ट्रेनों के विभिन्न स्टेशनों पर 1 जनवरी से दिया जाएगा। नई समय सारणी में 12 जोड़ी नई ट्रेनें, 4 जोड़ी ट्रेनों के विस्तार, 2 ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन में बदलाव किया जाएगा। 2 जोड़ी ट्रेनों के फेरों में विस्तार भी होगा।
12 ट्रेनों के नंबरों में बदलाव, 61 ट्रेनों के नए ठहराव 1 जनवरी से किए जा रहे हैं। दो ट्रेनों के मेल व एक्सप्रेस से सुपरफास्ट में परिवर्तन, 89 ट्रेनों की गति में वृद्धि हुई, जिसके कारण इन ट्रेनों के विभिन्न स्टेशनों पर आगमन व प्रस्थान समय में हुए परिवर्तन को शामिल किया गया है। नई समय-सारणी के लागू होने के बाद रेवाड़ी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव देखने को मिलेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले अपडेटेड समय-सारणी देखने की सलाह दी गई है।