अनाज मंडी में बीज खरीदने के लिए पहुंचे किसान। संवाद
रेवाड़ी। आगामी रबी फसल की बुवाई के लिए गेहूं बीज का सरकारी बिक्री मूल्य निर्धारित होने का इंतजार कर रहे किसानों की शनिवार के दिन बेसब्री खत्म हुई। शुक्रवार की शाम को गेहूं बीज बैग का सरकारी बिक्री मूल्य 1150 रुपये निर्धारित हुआ। तत्पश्चात शनिवार को बीज बैग खरीदने के लिए बिक्री केंद्र के बाहर किसानों की भीड़ जुट गई।
मूल्य निर्धारित होने की सूचना के बाद किसान सुबह ही ट्रैक्टर-ट्राली व अन्य निजी वाहन का प्रबंध करके किसान सदन पहुंचे चुके थे। ताकि खरीद के बाद उन्हें बीज बैग को ले जाने में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। भीड़ में मौजूद हर किसान पहले बीज बैग खरीदने का इच्छुक था, ताकि वह अपने खेत में जल्द से जल्द बुवाई कर सके। दिन भर बिक्री केंद्र पर मारामारी का माहौल रहा।
हालात को बेकाबू देखते हुए वहां स्थानीय पुलिस टीम की मदद ली गई। पुलिस कर्मचारियों ने बिक्री केंद्र के बाहर किसानों की लाइन बनवाते हुए नंबर के आधार पर बीज बैग का वितरण करवाया। हालत ऐसे पैदा हो गए कि कर्मचारियों को भी वितरण के दौरान थोड़ी समस्या हुई। सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है।