संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की जरूरत है, ताकि जरूरत पड़ने पर बेटियां अपनी रक्षा करने के साथ दूसरों की मदद कर सकें। ये बातें हमारा परिवार संस्था की महिला प्रधान निशा सीकरी ने संस्था की ओर से रविवार को पंजाबी धर्मशाला में सैनिकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
मुख्य अतिथि आईएनए के पूर्व प्रधान डॉ. दीपक यादव, समाजसेवी प्रो. सीएल सोनी, नई दिशा युवा मंच के प्रधान एडवोकेट निशांत यादव ने भी भारतीय सेना की बहादुरी की प्रशंसा की। संस्था के संयोजक दिनेश कपूर ने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पहलगाम में हमारे निर्दोष नागरिकों की हत्या का बदला ले लिया।
हमारी सेना ने पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त कर शौर्य का परिचय दिया है। महिला संयोजक शशि जुनेजा व शिक्षाविद मधु गुप्ता ने कहा कि आज बेटियां किसी से कम नहीं हैं। सेना में भी बेटियों ने अपना साहस दिखाया है।
उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सरदार कश्मीर सिंह, डॉक्टर बलबीर अग्रवाल, समाजसेवी अनिल आर्य, पर्यावरणविद् राजेंद्र गेरा, राजेंद्र सिंह यादव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सुदर्शन मेहंदीरत्ता, हिमांशु पिपलानी, सोनिया कपूर, कपिल कपूर, प्रीति, ओजस्वी, पूर्वांशी, प्रमोद सैनी, केएल कोहली मौजूद रहे।